सेन के विरुद्ध महाभियोग प्रस्ताव इसी सत्र में : मोइली
अगरतला, 13 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने यहां शनिवार को कहा कि सरकारी कोष का दुरुपयोग करने के दोषी कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सौमित्र सेन के विरुद्ध महाभियोग प्रस्ताव संसद के मौजूदा सत्र में लाया जाएगा।
गुवाहाटी उच्च न्यायालय की अगरतला खंडपीठ के नए भवन का उद्घाटन करने के बाद मोइली ने संवाददाताओं से कहा, "सेन के विरुद्ध महाभियोग प्रस्ताव को लोकसभा एवं राज्यसभा के दो तिहाई सदस्यों की स्वीकृति मिलने के बाद इसे मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा।"
मोइली ने कहा, "सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी की अध्यक्षता वाली समिति ने सरकारी कोष के दुरुपयोग मामले में सेन को दोषी करार दिया है।"
उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति सेन पर लगे आरोपों की जांच के लिए राज्यसभा द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति ने उन्हें भ्रष्टाचार का दोषी पाया है।
ज्ञात हो कि राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी द्वारा फरवरी, 2009 में गठित समिति में न्यायमूर्ति रेड्डी के अलावा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मुकुल मुद्गल एवं प्रसिद्ध विधि विशेषज्ञ फाली नरीमन शामिल थे। समिति ने अपनी रिपोर्ट बुधवार को उच्च सदन को सौंपी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications