रिहा हुईं सू ची, समर्थकों में उत्साह (लीड-2)
रिहाई के बाद थोड़ी देर के लिए घर से बाहर निकलीं सू ची खुश दिख रही थीं। इस मौके पर समर्थकों ने राष्ट्रीय गान पर अपनी खुशी का इजहार किया। लोकतंत्र समर्थक अपनी नेता की रिहाई पर भावुक हो उठे।
शनिवार शाम 5.30 बजे पुलिस अधिकारी सू ची के घर आए और उन्हें रिहाई के दस्तावेज सौंपे।
सू ची के वकील न्यान विन ने बताया, "वह अब स्वतंत्र हैं।" उन्होंने समर्थकों से अनुशासन में रहने के लिए कहा।
सू ची के हजारों समर्थक, नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) के सदस्य और पत्रकार शुक्रवार से ही यंगून स्थित घर के बाहर उनकी रिहाई का इंतजार कर रहे थे।
एनएलडी सदस्य के कपड़ों पर "हम आंग सान सू ची के साथ हैं।" लिखा हुआ था।
सू ची को न्यायालय द्वारा जुलाई 2009 में 18 महीने की नजरबंदी की सजा सुनाई गई थी। उन्हें एक अमेरिकी नागरिक को झील के किनारे स्थित अपने आवास में तैर कर आने की अनुमति देकर कैद की शर्ते तोड़ने का दोषी ठहराया गया था। गत 13 मई 2009 को शुरू हुई यह सजा शनिवार को खत्म हो गई।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय सू ची की रिहाई देश में चुनाव से पहले या बाद में करने की मांग कर रहा था। पिछले 20 सालों में म्यांमार में पहला चुनाव गत सात नवंबर को संपन्न हुआ।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव न होने से इसकी व्यापक रूप से निंदा हुई है। इन चुनावों में उम्मीद की जा रही है कि 'यूनियन सालिडरिटी एंड डेवलपमेंट पार्टी' (यूएसडीपी) बहुमत से जीत दर्ज करेगी। यूएसडीपी पर चुनावों में धांधली करने का आरोप लगा है।
नोबेल पुरस्कार विजेता सू ची की रिहाई पर एचआईवी/एड्स अभियान के नेतृत्वकर्ता फाई फाई थिन ने कहा, "उन्हें कई काम करने होंगे। सू ची को चुनावों में राज्यों से मिली गड़बड़ियों की शिकायतों के बारे में पहल करनी होगी।"
इसके अलावा सू ची को अपनी पार्टी एनएलडी में उभरे मतभेदों को दूर करने की जरूरत होगी। एनएलडी के एक गुट ने अलग से चुनाव लड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications