दिल्ली में ओबामा के बयान के 5 दिन बाद सू ची रिहा
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। नोबेल पुरुस्कार विजेता आंग सान सू ची को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारतीय संसद में म्यांमार पर दिए गए बयान के पांच दिन बाद शनिवार को रिहा कर दिया गया।
ओबामा ने आठ नवम्बर को दिए अपने बयान में कहा था कि हालांकि प्रत्येक देश अपनी राह पर चल सकता है लेकिन लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हमेशा सम्मान होना चाहिए।
इस संबंध में उन्होंने म्यांमार का उल्लेख किया था जहां सैन्य शासक ने दिल्ली में शिक्षित सू ची को लंबे समय से नजरबंद किया था।
ओबामा ने कहा, "जब बर्मा में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाया जा रहा हो तो लोकतांत्रिक देश चुप नहीं रह सकते।"
"शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाना, राजनेताओं को दशकों तक कैद रखना, लोगों को बंधक बनाकर उनकी उम्मीदों को खत्म करना अस्वीकार्य है।"
ओबामा ने भारत के संबंध में कहा, "इस तरह के मानव अधिकार उल्लंघन के मामले में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय खासकर भारत और अमेरिका के नेताओं की यह जिम्मेदारी है कि इसकी निंदा करें।"
उन्होंने कहा, "यदि मैं स्पष्ट रूप से कहूं तो अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य में भारत ने अक्सर इस मुद्दे की उपेक्षा की है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications