आंग सान सू ची आज शाम रिहा होंगी
यंगून, 13 नवंबर (आईएएनएस)। म्यांमार की सैन्य सरकार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो रही अपनी निंदा को शांत करने की कोशिश में शनिवार शाम विपक्ष की नेता आंग सान सू ची को रिहा कर देगी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया, "उन्हें शाम छह बजे के बाद किसी भी समय रिहा कर दिया जाएगा।"
सू ची के सैकड़ों समर्थक, विपक्षी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) के सदस्य और पत्रकार उनकी रिहाई की संभावना के मद्देनजर शुक्रवार से ही यंगून में उनके घर के बाहर इंतजार कर रहे हैं। सू ची अपने घर में नजरबंद हैं।
सू ची के समर्थक यंगून स्थित एनएलडी मुख्यालय पर भी इकट्ठा हुए हैं, क्योंकि माना जा रहा है कि अपनी संभावित रिहाई के बाद सू ची (65) वहां जाएंगी।
सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को इकट्ठा होने के रास्ते में कोई रुकावट नहीं डाली है। सैन्य शासित यह देश अपने आप में यह असाधारण है।
सू ची न्यायालय द्वारा जुलाई 2009 में सुनाई गई 18 महीने की नजरबंदी की सजा काट रही हैं। उन्हें एक अमेरिकी नागरिक को झील के किनारे स्थित अपने आवास में तैर कर आने की अनुमति देकर कैद की शर्तो को तोड़ने का दोषी ठहराया गया था।
सू ची की सजा की मियाद शनिवार को पूरी हो रही है। सैन्य सरकार के प्रमुख सीनियर जनरल थान श्वे एक मात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके पास सू ची की रिहाई का आदेश देने का अधिकार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications