राजा को मंत्रिमंडल से हटाएं : माकपा
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कमयुनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शनिवार को प्रधानमंत्री मानमोहन सिंह से कहा कि वह 2जी स्पेक्ट्रम विवाद के मद्देनजर सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ए. राजा को अपने मंत्रिमंडल से हटाएं।
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया, "घोटाले के सबूत से मची उठापटक और नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में 176,000 करोड़ रुपये के नुकसान की बात सामने आने के बाद इस मुद्दे को दबाना अब संभव नहीं है।"
माकपा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की खंडपीठ ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के मंत्री से पूछताछ में विफल रहने पर स्थिति को प्रतिकूल पाया है। उधर राजा ने मंत्री पद से इस्तीफा देने से इंकार किया है।
बयान में कहा गया है, "यह निर्विवाद सत्य है कि राजा के मंत्रिमंडल में बने रहने से जांच की प्रगति पर असर पड़ेगा।"
पार्टी ने कहा है, "आज (शनिवार) समाचार पत्रों में आई खबर से यह बात सामने आई है कि सीबीआई के अधिकारियों और राजा के वकील के बीच 'सांठगांठ' हुई है।"
बयान में कहा गया है, "यह भी खबर आई है कि दूरसंचार विभाग के पूर्व सचिव ने अब सार्वजनिक तौर पर दावा किया है कि मंत्री ने कथित रूप से 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन के सम्बंध में सहमति देने के लिए उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications