ऑटो चालक की हत्या के आरोप में 2 किशोर गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को बताया कि छह नवम्बर को पंजाब विश्वविद्यालय के गेट नम्बर तीन पर 45 वर्षीय विजय शंकर द्विवेदी का खून से लथपथ शव मिला था। ऑटो रिक्शा भी समीप में खड़ी थी।
चण्डीगढ़ के उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) सतबीर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "खुफिया जानकारी के आधार पर 14 और 15 वर्ष के दो किशोरों को सेक्टर 25 से गिरफ्तार किया गया। दोनों को जुआ खेलने और पटाखे खरीदने के लिए पैसे की जरूरत थी।"
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किशोरों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है। उन्हें बाल बंदीगृह भेज दिया गया है।
सिंह ने बताया, "दीपावली की रात में करीब 11.45 बजे दोनों ने कहीं जाने के लिए द्विवेदी का रिक्शा किराए पर लिया। सेक्टर 17 पहुंचने पर उन्होंने चालक से कहा कि किराए के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं और पंजाब विश्वविद्यालय परिसर चलने को कहा। जिससे कि वे दोस्तों से रुपये लेकर किराये का भुगतान कर सकें।"
विश्वविद्यालय परिसर पहुंचते ही दोनों ने द्विवेदी के सिर पर ईंट से प्रहार किया।
उप अधीक्षक ने कहा, "दोनों ने चालक की जेब से 600 रुपये और कागजात निकाल लिए। उन्होंने उस पैसे से जुआ खेले और पटाखे खरीदे। किशोरों ने इस बारे में अपने दोस्तों को भी बताया था। जिससे स्थानीय तौर पर यह बात फैल गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications