कमजोर घरेलू और वैश्विक संकेतों से सेंसेक्स 848 अंक गिरा (साप्ताहिक समीक्षा)
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 848.07 अंक (4.04 प्रतिशत) गिरकर 20,156.89 अंक पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी इस सप्ताह 240.80 अंक (3.81 प्रतिशत) गिरकर 6,071.65 अंक पर बंद हुआ।
वहीं बीएसई का मिडकैप सूचकांक पिछले सप्ताह के मुकाबले 2.84 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 1.14 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी हालांकि शेयर और बांड बाजार में जारी रही। इस सप्ताह विदेशी निवेशकों ने कुल 1.93 अरब डॉलर का निवेश किया।
इस महीने विदेशी संस्थागत निवेशकों ने देश के शेयर बाजार में कुल 28.68 अरब डॉलर का निवेश किया।
इस सप्ताह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (-12.3 प्रतिशत), डीएलएफ (8.5 प्रतिशत), रिलायंस कम्युनिकेशन (7.1 प्रतिशत) और भारती एयरटेल (7 प्रतिशत) सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाले शेयर रहे।
सेंसेक्स में इस सप्ताह किसी भी शेयर में बड़ी तेजी नहीं दर्ज की गई।
मुद्रास्फीति से निपटने के लिए चीन के केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना के चलते ज्यादातर एशियाई बाजारों में गिरावट दर्ज की गई।
चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 4.6 प्रतिशत गिरकर 2,985.43 अंक जबकि हांग कांग का हेंग सेंग 2.63 प्रतिशत गिरकर 24,222.58 अंक पर बंद हुआ।
जापान का निक्केई हालांकि 1.03 प्रतिशत बढ़कर 9,724.81 अंक पर बंद हुआ।
कर्ज संकट पर चिंताएं बढ़ने से यूरोपीय बाजारों में छह सप्ताह की सबसे बढ़ी गिरावट दर्ज की गई।
एफटीएसई 100 सूचकांक 1.34 प्रतिशत गिरकर और जर्मनी का डैक्स 0.29 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। फ्रांस के सूचकांक सीएसी 40 में भी 2.19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं अमेरिका का डाउ जोंस औद्योगिक सूचकांक 2.2 प्रतिशत गिरकर 11,192.58 अंक और एस एण्ड पी 500 सूचकांक 2.17 प्रतिशत गिरकर 1,199.21 अंक पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications