सुरक्षा परिषद में भारत की दावेदारी से चिंतित नहीं : कुरैशी
पाकिस्तानी समाचार एजेंसी 'ऑनलाइन' के मुताबिक लाहौर में शुक्रवार को अल्लामा इकबाल अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं है लेकिन कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर किसी तरह के जटिल और भेदभावपूर्ण निर्णय से इस क्षेत्र के शांतिपूर्ण सहअस्तित्व और सद्भाव पर गंभीर असर पड़ सकता है।
इससे पहले रोम में 74 देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक बैठक में इस मुद्दे पर अभी किसी निष्कर्ष की संभावना को खारिज करते हुए कुरैशी ने कहा, "स्थाई सदस्यता की मंजूरी से पहले कई चरण पार करने होंगे।"
कुरैशी ने कहा कि अमेरिका को कम से कम उपमहाद्वीप के अन्य देशों का नजरिया जान लेना चाहिए। प्रत्येक देश की अपनी चिंताएं और आशंकाएं हैं।
कुरैशी ने कहा कि चीन ने भी अमेरिका के इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया है जबकि इटली ने इस मुद्दे पर पाकिस्तान को समर्थन दिया है।
कुरैशी ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के संबंध बेहद मजबूत और दशकों पुराने हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी अपनी हाल की भारत यात्रा के दौरान पाकिस्तान पर कोई विवादित बयान नहीं दिया जबकि भारतीय मीडिया ने पाकिस्तान विरोधी बयान देने के लिए भरपूर दबाव बनाया था।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 2012-13 सत्र के लिए अस्थाई सदस्यता की दावेदारी कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications