प्रधानमंत्री को आमंत्रित करना चाहता है कजाकिस्तान
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। कजाकिस्तान के राजदूत ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश भारत के साथ अपने असैन्य परमाणु सहयोग को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अगले वर्ष अपने यहां आमंत्रित करना चाहता है।
भारत में कजाकिस्तान के राजदूत दोउलैत कुआनीशेव ने बताया कि उनका देश भारत के साथ अपने रिश्तों को नया आयाम देना चाहता है। वह उभरते भारत और 'क्षेत्रीय एवं वैश्विक शक्ति' के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है।
उन्होंने बताया, "अभी प्रधानमंत्री के यात्रा की तिथि निर्धारित नहीं हुई, इस पर काम किया जा रहा है।" राजदूत ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा अगले साल हो सकती है। यात्रा के दौरान व्यापारिक करारों सहित कई समझौता प्रारूपों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कजाकिस्तान भारत के आधारभूत संरचना के परियोजनाओं और परमाणु संयंत्रों के निर्माण में निवेश करना चाहता है।
उल्लेखनीय है कजाकिस्तान के साथ भारत के महत्वपूर्ण संबंध हैं। इसी संबंध के आधार पर भारत ने पिछले साल गणतंत्र दिवस समारोह में कजाकिस्तान के राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications