आरएसएस के विरुद्ध रोसैया सहित अन्य कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन
हैदराबाद, 12 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता के.एस. सुदर्शन द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विरुद्ध टिप्पणी करने के खिलाफ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के. रोसैया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. श्रीनिवास, पार्टी सांसदों एवं अन्य नेताओं ने शुक्रवार को यहां हुए प्रदर्शन में भाग लिया।
बशीरबाग में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए रोसैया ने कहा कि यदि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए सोनिया गांधी के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करते हैं तो यह अक्षम्य अपराध है।
उन्होंने कहा कि सोनिया के प्रतिद्वंद्वी ऐसी ओछी टिप्पणी इसलिए करते हैं, क्योंकि वे राजनीति के स्तर पर उनसे लड़ने में अक्षम हैं।
रोसैया ने कहा, "हम सभी उन ताकतों को जानते हैं जो राक्षस नाथूराम गाडसे के पीछे थे, जिसने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या की थी। ये ताकतें सेवा का वादा कर लोगों को गुमराह करते आ रहे हैं, लेकिन लोग सतर्क हैं और उन्हें खाड़ी में फेंक देंगे।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. श्रीनिवास ने सोनिया गांधी के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी देने के लिए पूर्व आरएसएस प्रमुख से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने सुदर्शन के खिलाफ नारे लगाए और उनका पुतला फूंका।
ज्ञात हो कि आरएसएस नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष को 'सीआईए एजेंट' बताया था और यह भी कहा था कि उन्होंने ही 'अपनी सास इंदिरा गांधी एवं अपने पति राजीव गांधी की हत्या की साजिश रची थी।'
प्रदर्शन स्थल से मुख्यमंत्री एवं श्रीनिवास के जाने के बाद वहां तनाव उत्पन्न हो गया। प्रदर्शकारियों ने वी. हनुमंत राव, अंजान कुमार यादव तथा अन्य सांसदों की अगुवाई में यातायात बाधित किया। इन नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications