राजा ने नियमों के मुताबिक काम किया : करुणानिधि (लीड-2)
इस मुद्दे पर तमिलनाडु विधानसभा में भी हंगामा हुआ। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र अड़गम (एआईएडीएमके) की अध्यक्ष जे.जयललिता द्वारा मनमोहन सिंह सरकार को बिना शर्त समर्थन का प्रस्ताव दिए जाने को लेकर सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने एआईएडीएमके पर जमकर हमला किया।
करुणानिधि ने यहां संवाददाताओं से कहा, "राजा ने क्या गलत किया है? उन्होंने नियमानुसार काम किया है।" करुणानिधि ने यह बात ऐसे समय में कही है, जब 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले को लेकर राजा को कैबिनेट से बर्खास्त किए जाने की मांग जोर पकड़ चुकी है।
उन्होंने कहा, "उनका कोई दोष नहीं है। प्रमोद महाजन और अरुण शौरी के कार्यकाल में भी कोई नीलामी (स्पेक्ट्रम) नहीं हुई थी। उन्होंने भी पहले आओ पहले पाओ की नीति के आधार पर स्पेक्ट्रम दिए थे। 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन में भी इसी नीति का पालन किया गया।"
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पर सवाल पूछे जाने पर करुणानिधि ने कहा कि वह रिपोर्ट जारी होने के बाद ही कोई टिप्पणी कर सकते हैं।
करुणानिधि के इस बयान से एक दिन पहले एआईएडीएमके की नेता जे.जयललिता ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार को समर्थन देने की बात कही थी।
जयललिता ने कहा है कि यदि डीएमके, राजा को बर्खास्त किए जाने के बाद केंद्र सरकार से अपना समर्थन वापस लेती है, तो उनकी पार्टी सरकार को बिना शर्त समर्थन देने को तैयार रहेगी।
जयललिता के इस बयान पर सवाल पूछे जाने पर करुणानिधि ने कहा कि उन्होंने केंद्र के दरवाजे खटखटाए लेकिन वे बंद हैं।
इस मुद्दे पर कांग्रेस से बात किए जाने के संबंध में सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, "स्पेक्ट्रम के मुद्दे पर कांग्रेस से बात करने की कोई आवश्यकता नहीं है।"
विधानसभा में भी इस मुद्दे पर हंगामा हुआ। विधानसभा में राज्य के वित्त मंत्री के.अंबाझगन ने एआईएडीएमके के ओ.पóोरसेल्वम से जयललिता के प्रस्ताव के संदर्भ में कहा, "आपने दिल्ली के दरवाजे खटखटाए, लेकिन वे नहीं खुले।"
पóोरसेल्वम ने जवाब में कहा कि दरवाजे जल्द ही खुल जाएंगे। इस पर करुणानिधि ने कहा, "हमें पता है कि दरवाजे खुलेंगे या नहीं।"
विपक्षी पार्टियां नई दिल्ली और राज्य में राजा के इस्तीफे की मांग कर रही हैं। राजा पर आरोप है कि 2008 में 2जी स्पेक्ट्रम के आवंटन से राजकोष को भारी नुकसान हुआ है।
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में 170,000 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications