दिल्ली विवि छात्रा से बलात्कार के आरोपियों में 2 किशोर
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा से सामूहिक बलात्कार के चार आरोपियों में से दो किशोर हैं और दोनों फरार हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी) के.सी. द्विवेदी ने आईएएनएस को बताया, "हमने इस मामले के मुख्य आरोपी ऑटो चालक रणवीर (25) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। हमें फरार तीन आरोपियों के बारे में जानकारी मिली है।"
पुलिस ने मुख्य आरोपी रणवीर को पीड़ित छात्रा की मां की सहायता से गत नौ नवंबर को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से गिरफ्तार किया।
रणवीर ने पुलिस को बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी किशोर हैं और वे पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में छुपे हो सकते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। आरोपी दो दिनों के अंदर सलाखों के पीछे होंगे।"
पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्रा दिल्ली विश्वविद्यालय में पत्राचार से बी. कॉम करने के साथ ही नोएडा में नौकरी भी करती थी। गत तीन नवंबर को सुबह चार बजे वह काम पर जाने के लिए कार्यालय के वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी उसे ऑटो में अगवा कर पहले उसे मयूर विहार फेज थ्री और बाद में सराय काले खां बस डिपो के पास ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications