भक्तिमय हुआ बिहार, डूबते सूर्य को अर्ध्य शाम को
पटना के गंगा घाटों पर छठ व्रतियों के लिए भगवान भास्कर को अर्ध्य देने की समुचित व्यवस्था की गई है। कलेक्टेरिएट घाट, महावीर घाट, भद्र घाट, गाय घाट समेत कई घाटों पर स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी सूर्य उपासना की व्यवस्था की है।
छठ पर्व के मद्देनजर पटना की सभी सड़कें साफ -सुथरी और सजी-धजी नजर आ रही हैं। छठ पूजा को लेकर गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। गंगा घाटों पर शांति-व्यवस्था रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से गश्त की जाएगी।
पटना के जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि छठ पूजा के दिन गंगा में आम नावों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। नावों पर अर्धसैनिक बल के साथ 125 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, जो पटना सिटी के घाटों से लेकर दानापुर तक नजर रखेंगे। सभी घाटों पर गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा घाटों पर बैरिकेटिंग का भी काम पूरा कर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को व्रतियों ने 'खरना' का व्रत रखकर शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद चढ़ाकर पूजा करके परिजनों के साथ प्रसाद ग्रहण किया था। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications