मप्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, लाठीचार्ज (लीड-1)
भोपाल में सुदर्शन ने बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर गंभीर आरोप लगाए थे। सुदर्शन के इस बयान के विरोध में भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सुदर्शन का पुतला फूंककर माफी मांगने के लिए कहा। वहीं, बजरंग दल संघ के समर्थन में सड़क पर उतर आया।
उधर, जबलपुर में सुदर्शन के बयान के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला फूंक रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस से विवाद हो गया। देखते-देखते दोनों दलों के कार्यकर्ता एक दूसरे पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
इसी तरह इंदौर में सुदर्शन का पुतला फूंक रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके अलावा इंदौर प्रवास पर आए सुदर्शन को काले झंडे दिखाने पहुंचे युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भाजपा व संघ स्वयंसेवकों ने पिटाई कर दी। पुलिस ने यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया।
मंदसौर में भी पुतला दहन और प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की हुई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सुदर्शन के बयान के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं, प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं के सड़क पर आ जाने से हालात तनावपूर्ण बन गए हैं।
गुरुवार रात को इंदौर में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के.के. मिश्रा के आवास पर कुछ लोगों ने पथराव किया। मिश्रा का आरोप है कि यह पथराव संघ से जुड़े लोगों ने किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications