चार पुलिसकर्मियों पर थाना परिसर में दुष्कर्म का आरोप (लीड-1)
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद से रायगढ़ जिले के इस छोटे से शहर धर्मजयगढ़ में तनाव की स्थिति है। गुरुवार रात से ही नाराज भीड़ थाने के सामने प्रदर्शन कर रही है और चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को उन्हें सौंपने की मांग कर रही है।
दुष्कर्म की यह घटना नौ नवंबर को हुई थी। तब से खामोश रही लड़कियों ने अब जाकर शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत जुटाई। जब वे शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं तो नाराज भीड़ भी उनके साथ मौजूद थी।
एक अधिकारी ने बताया कि नौ नवंबर की रात थाना परिसर के अंदर बने एक मकान में कथित तौर पर लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। उन्हें धमकी मिली थी कि यदि उन्होंने इसका जिक्र किया तो उन्हें गम्भीर परिणाम भुगतने होंगे इसलिए वे चुप बैठी थीं।
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने इसे बेहद चौंकाने वाली घटना बताते हुए प्रताड़ित लड़कियों को पूरा न्याया दिलाने का वादा किया है।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "यह बहुत शर्मनाक घटना है। दोषी पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। मैं पुलिस बल पर कलंक लगाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान में लड़कियों की मदद लेने के लिए धर्मजयगढ़ शहर जा रहा हूं।"
लड़कियों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि वे नौ नवंबर की रात अपने दो रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए बस अड्डा गई थीं। वहां गश्त कर रही पुलिस टीम उनके रिश्तेदारों को पकड़ कर धर्मजयगढ़ थाने ले गई थी।
लड़कियां यह देखने के लिए थाना पहुंचीं कि उनके रिश्तेदारों को क्यों पकड़ा गया है लेकिन उनके साथ जोर-जबरदस्ती कर उन्हें परिसर में ही स्थित एक घर में ले जाया गया और वहां दो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उन्होंने फोन करके दो और पुलिसकर्मियों को वहां बुलाया। उन दोनों ने भी लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications