संदिग्ध नक्सलियों ने 4 को अगवा किया
जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश यादव ने शुक्रवार को आईएएनएस को फोन पर बताया, "हमें जानकारी मिली है कि अरसा पुलिस थाने के समीप से चार ग्रामीणों का अपहरण हो गया है। माना जा रहा है कि गुरुवार शाम नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया। हम उस इलाके में छापेमारी कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हमें घटना की जानकारी गुरुवार रात में मिली। अंधेरा होने के कारण हम तलाशी अभियान नहीं शुरू कर पाए क्योंकि इसका फायदा उठाकर नक्सली सुरक्षा बलों पर हमला कर सकते हैं।"
एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि नक्सली हरे रंग की पोशाक में आए और अरसा इलाके के बूदा गांव में खेत में काम कर रहे चारों ग्रामीणों को उठा ले गए।
अधिकारी ने बताया, "नक्सलियों ने चारों ग्रामीणों बनमाली सरदार, रतन मुर्रा, कालीचरण मुर्रा और बीरेन सरदार से पहाड़ियों की तरफ जाने वाले रास्ते के बारे में पूछा था। शुक्रवार सुबह तक उनका पता नहीं चल पाया था।"
उन्होंने बताया,"अपहृत ग्रामीणों के परिजनों ने घटना के बार में हमें बताया है लेकिन उनकी ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications