पीलीभीत में आपसी संघर्ष में बाघ की मौत
पीलीभीत वन क्षेत्र के माला रेंज से गुरुवार देर शाम एक नर बाघ का शव बरामद किया गया। बाघ के गले पर गंभीर घाव के निशान थे।
पीलीभीत के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) वी.के. सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि बाघ की उम्र करीब तीन वर्ष है। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि किसी दूसरे बाघ से क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष में इसकी मौत हुई है। घटनास्थल पर दूसरे बाघ के पैरों के निशान पाए गए हैं।
सिंह ने कहा कि बाघ के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाघ की मौत के सही तथ्य सामने आ पाएंगे, लेकिन ऐसा लग रहा है कि गले के आस-पास हुए गहरे घावों के चलते बाघ की मौत हुई।
वन अधिकारियों के मुताबिक पीलीभीत के जंगलों में करीब 40 बाघ मौजूद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications