कराची विस्फोट में 20 मरे, कई इमारत जमींदोज (लीड-1)
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इफ्तखार तरार ने कहा कि पुलिस के अपराध जांच विभाग मुख्यालय को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 50 घायल हो गए। मृतकों में अधिकतर पुलिसकर्मी हैं। उन्होंने कहा कि दर्जनों लोग मलबे में फंसे हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि पहले बंदूकधारियों ने इमारत की सुरक्षा में तैनात जवानों पर गोलीबारी की। इसके बाद एक विस्फोटकों से लदा एक ट्रक इस इमारत से जा टकराया।
आपदा राहत बल के प्रवक्ता कमर परवेज ने कहा कि उन्होंने 20 शवों को और 50 घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। विस्फोट वजह से नजदीकी कई इमारत और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
यहां से कुछ ही दूरी पर सिंध प्रांत के गवर्नर और मुख्यमंत्री का आवास स्थित है। कराची सिंध प्रांत की राजधानी है।
उधर समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक रिहायशी और घनी आबादी वाले इलाके में हुए विस्फोट से महिलाओं और बच्चों को भी नुकसान पहुंचा है।
इस बीच शहर के अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है।
सिंध के गृह मंत्री जुल्फिकार मिर्जा ने घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। मिर्जा ने कहा, "विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने पुलिस स्टेशन की इमारत को उड़ा दिया।"
उन्होंने बताया कि विस्फोट का तरीका वर्ष 2008 में इस्लामाबाद के मैरिएट होटल में हुए धमाके जैसा था।
प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications