ड्रोन हमले में छह की मौत

उत्तर वज़ीरिस्तान में पिछले कुछ महीनों में लगातार हमले हो रहे हैं
पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े उत्तर वज़ीरिस्तान में दो मानवरहित अमरीकी विमानों के हमले में छह लोग मारे गए हैं और तीन अन्य घायल भी हो गए.
मरने वाले सभी तालिबान विद्रोही बताए जा रहे हैं.
स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी उर्दू संवाददाता दिलावर ख़ान वज़ीर को बताया कि दो अमरिकी ड्रोन विमानों ने मीरान शाह से आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित सयदगई के इलाक़े में एक घर को निशाना बनाया.
अधिकारियों के अनुसार ड्रोन विमान ने इस घर पर छह मिसाइल दाग़े जिससे छह लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्रोन विमानों के हमलों की वजह से मीरान शाह शहर के लोग डर गए और घरों से बाहर आ गए.
लोगों के अनुसार तालिबान मारे गए लोगों के शवों और घायलों को अज्ञात स्थान पर ले गए.
सयदगई का इलाक़ा अफग़ान सीमा से सटा हुआ है और दो दिन पहले भी इसी इलाक़े में ड्रोन विमानों के हमले हुए थे जिस में पाँच लोग मारे गए थे.
इस इलाक़े में तालिबान विद्रोही हक़्क़ानी गुट के कई ठिकाने हैं. क़रीब दो साल पहले इसी इलाक़े में प्रशासन ने एक इस्लामी मदरसे को भी गिरा दिया था.
ग़ौरलतब है कि उत्तर वज़ीरिस्तान के इलाक़ों में पिछले कुछ महीनों से लगातार अमरीकी ड्रोन विमानों के हमले हो रहे हैं जिस में कई लोग मारे जा चुके हैं. मरने वालों में विदेशी चरमपंथी भी बताए जाते हैं.


Click it and Unblock the Notifications