डीजल से भरे 5 टैंकर पटरी से उतरे
हादसा जिले के रोजा जंक्शन से करीब दो किलोमीटर पहले सीतापुर-दिल्ली रेलमार्ग पर हुआ। मालगाड़ी डीजल से भरे टैंकरों को जलपाईगुड़ी से बिजनौर ले जा रही थी।
अधिकारियों का कहना है कि टैंकरों के पटरी से उतरने से कई मीटर तक रेलमार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। कई रेलगाड़ियां सीतापुर और शाहजहांपुर रेलवे स्टेशनों पर खड़ी हैं।
शाहजहांपुर के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी अरविंद सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि रेल कर्मचारी युद्धस्तर पर क्षतिग्रस्त रेलमार्ग की मरम्मत के काम में लगे हैं। कुछ घंटों में यातायात सामान्य हो जाएगा।
सिंह ने कहा कि हादसे का कारण फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। रेल अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रहे हैं।
टैंकरों के पटरी से उतरने से हजारों लीटर डीजल बह गया। रेल अधिकारियों के मुताबिक एक टैंकर में करीब 75 हजार लीटर तेल रहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications