चमड़ा उत्पादों के गोदाम में भीषण आग
लखनऊ, 11 नवंबर(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में चमड़ा उत्पादों के एक गोदाम में लगी भीषण आग में लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
चमड़ा उत्पादों का यह गोदाम शहर के भीड़भाड़ वाले मूलगंज इलाके स्थित जय जवान कॉम्प्लेक्स के भूतल पर था, जहां बुधवार देर रात करीब एक बजे लगी आग पर कई घंटों बाद आज तड़के पूरी तरह से काबू पाया जा सका।
मूलगंज थाना प्रभारी शिवमोहन प्रसाद ने गुरूवार को संवाददाताओं को बताया कि वक्त रहते दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं नहीं तो आग और ज्यादा भीषण रूप ले लेती और कॉम्पलेक्स के दूसरे प्रतिष्ठानों व उससे सटी इमारतों को अपनी चपेट में ले लेती।
प्रसाद ने कहा कि आग किन कारणों से लगी यह साफ नहीं हो पाया है। शार्ट सर्किट इसका कारण हो सकता है। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त कॉम्प्लेक्स में गार्ड को छोड़कर कोई मौजूद नहीं था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications