सर्दी की आहट से खौफजदा हैं पाकिस्तानी बाढ़ पीड़ित
इस्लामाबाद, 11 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में बाढ़ की विभीषिका में अपना घर बार गंवा चुके लाखों लोग आने वाले सर्दी के मौसम की वजह से खौफजदा हैं।
पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से में जुलाई के अंतिम हफ्ते में बाढ़ ने तबाही मचानी शुरू की थी। इसकी वजह से मानवीय जीवन और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ। दो करोड़ लोग बेघर हो गए और तकरीबन 1,800 मौत के गाल में समा गए। कई लोग लापता हो गए और अभी तक अपने परिजनों से मिल नहीं पाए हैं।
दक्षिणी पंजाब और सिंध प्रांत के कुछ आतंरिक हिस्सों में अभी जलस्तर में कमी नहीं आई है और हैजा व अतिसार के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित लोग जुलाई से ही दयनीय हालत में जीवन गुजार रहे हैं। घर और पर्याप्त कपड़ें न होने के कारण सर्दी बढ़ने के साथ उनकी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
पंजाब प्रांत के मुजफ्फरगढ़ जिले में फातिमा बीबी नाम की एक बुजुर्ग ने आईएएनएस को बताया, "हमसे अभी तक कोई यह पूछने नहीं आया है कि तुम्हारे बच्चे जीवित हैं या मर गए।"
सिंध प्रांत में दादू कस्बे के दिलबर हुसैन ने कहा, "ऐसा लगता है कि हमारे चुने हुए नेता मुश्किल से ही मतदाताओं की समस्याओं पर ध्यान देते हैं।"
खबर पख्तूनख्वा प्रांत के वरिष्ठ मंत्री बशीर बिलौर ने कहा, "प्रांतीय सरकार लोगों को सर्दी से बचाने के लिए कदम उठा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications