पृथ्वीराज चव्हाण महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री

घोषणा के बाद पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा, "मैने प्रधानमंत्री जी से अनुरोध किया है कि वे मुझे केंद्र में मंत्रिपद के कार्यों से मुक्त कर दें. मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ कि मुझे इस पद के लिए चुना गया है. मैं सबसे सहयोग की उम्मीद करता हूँ. मैं पूरी कोशिश करूँगा कि राज्य को अच्छा नेतृत्व दे सकूं. संसद सत्र से जुड़ी ज़िम्मेदारियां सौंपने के बाद मैं बाकी सब नेताओं से बात करूँगा और सबकी सलाह से आगे की बात तय करूँगा. शरद पवार से भी बात की है. मैं शाम तक मुंबई जाऊँगा."
महाराष्ट्र में एनसीपी के साथ तनाव के बारे में उनका कहना था कि गठबंधन छह साल से चल रहा है और उन्होंने क़रीब से देखा-समझा है कि गठबंधन कैसे चलता है.मंगलवार देर शाम वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी और रक्षा मंत्री एके एंटनी ने मुंबई में पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की थी. बैठक में विधायकों ने एक लाइन का प्रस्ताव पारित किया था कि मुख्यमंत्री के बारे में फैसला पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी.
अशोक चव्हाण का इस्तीफ़ा
आदर्श सोसाइटी कथित घोटाले से नाम जोड़े जाने के बाद कांग्रेस ने अशोक चव्हाण से मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के लिए कहा था. मंगलवार को ही उनका इस्तीफ़ा राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया था.उसके बाद से सुशील कुमार शिंदे, विखे पाटिल और मुकुल वासनिक समेत दो-तीन लोगों का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए लिया जा रहा था और केंद्रीय मंत्री पृथ्वीराज सिंह चव्हाण का नाम सबसे आगे था.
उन्हें 10 जनपथ के बहुत क़रीब माना जाता है और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी उनके संबंध बहुत अच्छे हैं.बुधवार सुबह पृथ्वीराज चव्हाण ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात की थी और अटकलें लगाई जा रही थी कि वे ही नए मुख्यमंत्री होंगे.64 साल के पृथ्वीराज चव्हाण वर्तमान में महाराष्ट्र से राज्यसभा से सांसद है. उन्होंने बिट्स, पिलानी और फिर अमरीका में यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलिफ़ोर्निया में पढ़ाई की है.प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री होने के अलावा वे विज्ञान और तकनीक राज्य मंत्री और संसदीय राज्य मंत्री हैं.












Click it and Unblock the Notifications