राजा पर कांग्रेस चुप, हंगामे के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया
भाजपा द्वारा कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए जाने के दौरान संसद की कार्यवाही बाधित करने और इन मुद्दों से सदन का ध्यान हटाने की कोशिश करने का आरोप लगाए जाने के बाद कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए इसकी निंदा की है।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने कहा, "विपक्षी दलों ने महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्यवाही को बाधित करने को एक नियमित प्रक्रिया बना लिया है। हम इसकी निंदा करते हैं।"
उन्होंने कहा, "यह लोकतांत्रिक विचार विमर्श की परंपरा के विपरीत है। हमने विपक्षी दलों से आगे आने और सभी मुद्दों पर विचार करने के लिए कहा है।"
नटराजन ने पार्टी के रुख के मुताबिक ए. राजा पर कोई टिप्पणी करने से इंकार किया।
उन्होंने कहा, "ए. राजा पर कई बार बात हो चुकी है। इस मामले की जांच चल रही है और साथ ही इस मामले में कोई भी कार्रवाई करने से पहले गठबंधन धर्म का ख्याल रखना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications