महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे पृथ्वीराज चव्हाण (लीड-1)
नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस आलाकमान ने बुधवार को महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के नाम पर मुहर लगा दी।
पार्टी विधायकों से राय लेने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने बुधवार सुबह चव्हाण के नाम पर मुहर लगाई। चव्हाण पीएमओ में मंत्री होने के साथ ही कई अन्य विभागों के भी मंत्री हैं। आदर्श सोसायटी से जुड़े घोटाले के आरोपों से घिरने के बाद अशोक चव्हाण ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।
केंद्रीय वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणब मुखर्जी ने चव्हाण के नाम का ऐलान किया। उन्होंने बुधवार सुबह संवाददाताओं से कहा, "मैं और ए. के. एंटनी (रक्षा मंत्री) मंगलवार शाम मुम्बई गए थे और वहां कांग्रेस विधायक दल से मिले थे। विधायक दल ने मुख्यमंत्री का फैसला करने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर छोड़ दिया था।"
मुखर्जी ने कहा, "हमने मंगलवार रात विधायकों की राय से कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत करा दिया था। आज सुबह यह फैसला हुआ कि पृथ्वीराज चव्हाण विधायक दल के नेता होंगे।"
कांग्रेस आलाकमान के इस फैसले के बाद पृथ्वीराज चव्हाण ने संवाददाताओं से कहा, "पार्टी ने मुझे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी है। मैं इसे स्वीकार करता हूं। मैं आज शाम मुम्बई जाऊंगा और फिर आगे की कार्रवाई शुरू करूंगा।"
चव्हाण ने कहा, "मैंने महाराष्ट्र से सम्बंधित अपनी पार्टी के सभी बड़े नेताओं से बात की है। मेरी बात केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार से भी हुई है। मैं इन नेताओं से आज मिलने की भी कोशिश करूंगा। मैं सबको साथ लेकर काम करूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications