सीबीआई जांच सेना के लिए हानिकारक : जसवंत सिंह
संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "निजी तौर पर मैं सेना के सर्वोच्च स्तर के अधिकारियों की जांच सीबीआई से कराए जाने के सख्त खिलाफ हूं।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सिंह ने कहा कि पूर्व सैन्य अधिकारी होने के नाते मेरा मानना है कि इस तरह के मामलों में सैन्य सेवाओंके पास मौजूद जांच तंत्र का उपयोग किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, "मैं सेना के उच्च स्तर के अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई जांच कराए जाने के फैसले का विरोध करता हूं। यह सेना के मनोबल के लिए नुकसानदेह है।"
इस मसले पर संयुक्त संसदीय समिति बनाने की मांग का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की समितियां पहले भी बनाई गई हैं।
उन्होंने कहा, "ऐसी समितियां बनी हैं। मैं इनमें से कुछ समितियों का सदस्य रहा हूं। यदि सैन्य सेवाओं के अंतर्गत मौजूद तंत्र के जरिए कोई काम नहीं हो सकता तो वह संयुक्त संसदीय समिति के जरिए किया जाना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि दक्षिण मुम्बई के कोलाबा में बनाई गई 31 मंजिला इमारत आदर्श सोसायटी के आवासों के वितरण और निर्माण मंजूरियों में कई नेताओं और सैन्य अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। इन्हीं आरोपों के कारण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को मंगलवार को अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications