विमान के टायर में आग, 140 यात्री बाल-बाल बचे
जम्मू, 9 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीनगर से दिल्ली आने वाले एयर इंडिया विमान के 140 यात्री उस समय बाल-बाल बच गए जब मंगलवार शाम जम्मू हवाई अड्डे से उड़ान भरने जा रहे विमान के टायर में आग लग गई। विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि विमान के टायर में उस समय आग लगी जब विमान उड़ान भरने वाला था, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रोक लिया। विमान के सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एक सूत्र ने बताया, "विमान में 145 लोग सवार थे। इनमें 90 से अधिक हज यात्री थे।" सूत्र ने बताया कि इनमें से कुछ यात्रियों को जेद्दाह के लिए फ्लाइट पकड़नी थी।
इस विमान में जम्मू से दिल्ली आने के लिए 30 यात्री सवार हुए थे। अब यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जम्मू हवाई अड्डे पर जून के बाद हादसे से बचने वाली यह दूसरी घटना है। जून में इंडियागो का विमान हवाई पट्टी से फिसल गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications