जी 20 सम्मेलन में होंगी भारत की द्विपक्षीय वार्ताएं
विदेश सचिव निरूपमा राव ने बताया कि दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली म्यूंग बाक के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री इथोपिया, कनाडा, ब्रिटेन और ब्राजील के साथ वार्ताएं करेंगे।
सम्मेलन के अधिकारियों के मुताबिक इथोपिया का नेतृत्व प्रधानमंत्री मेलेस जेनावी, कनाडा का प्रधानमंत्री स्टीफेन हार्पर और ब्राजील का नेतृत्व लुईस ईनासिओ लूला डा सिल्वा करेंगे।
राव ने पत्रकारों से बताया, "सम्मलेन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, बहुपक्षीय वित्तीय संस्थाओं में सुधार, वित्तीय नियमन, संरक्षणवाद, जलवायु परिवर्तन और विकास पर चर्चा की जाएगी।"
उन्होंने बताया कि सियोल जाने वाले भारतीय शिष्टमंडल में योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिव शंकर मेनन और वित्त सचिव अशोक चावला शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जी 20 सम्मेलन के पहले कहा था कि विश्व को घाटे और बचत वाले देशों के बीच एक नया संतुलन कायम करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने यह बात अमेरिका और चीन के संदर्भ में कही थी।
प्रधानमंत्री ने कहा था, "मुझे उम्मीद है कि सम्मेलन के देश विकासशील देशों में विकास की प्रक्रिया तेज करने के मुद्दे पर जोर देंगे।" प्रधानमंत्री ने इस बात की भी उम्मीद जताई है कि इस सम्मेलन के जरिए दोहा वार्ता को भी पटरी लाया जा सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications