आतंक के खिलाफ प्रभावी भूमिका नहीं निभा रहा पाकिस्तान : अफगानिस्तान
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई के प्रवक्ता वहीद उमर ने कहा, "अफगान सरकार ने हमेशा अपना यह रुख स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान, इस क्षेत्र और स्वयं पाकिस्तान में शांति कायम करने में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।"
समाचार पत्र 'न्यूज इंटरनेशनल' के मुताबिक उमर ने कहा, "हालांकि दुर्भाग्य से उसने अपनी यह भूमिका प्रभावी तरीके से नहीं निभाई है।"
अधिकारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान उनके पाकिस्तान के संबंध में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया के दौरान यह बात कही।
सोमवार को भारतीय संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए ओबामा ने कहा, "हम लगातार पाकिस्तानी नेताओं को पाकिस्तान की सीमा में मौजूद आतंकवादियों की पनाहगाहें जो कि अस्वीकार्य हैं, खत्म करने के लिए कहते रहेंगे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हमारा मानना है कि स्थिर, समृद्ध और लोकतांत्रिक पाकिस्तान और अफगानिस्तान इस क्षेत्र और भारत के हित में हैं।"
उमर ने कहा, "दुर्भाग्य से इस क्षेत्र में कुछ केंद्र ऐसे हैं जो न सिर्फ शांति बहाल करने में मदद नहीं कर रहे बल्कि असुरक्षा और अशांति फैलाने के लिए आतंकवादियों को समर्थन दे रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications