आदर्श सोसायटी घोटाले में 'जिम्मेदारी' तय करेगी सीबीआई (लीड-2)
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सितांशु कर ने आईएएनएस को बताया, "इस मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया गया है। सीबीआई जल्द ही इस मामले की जांच शुरू कर देगी।"
उन्होंने बताया कि सीबीआई को इस मामले की विस्तृत जांच करते हुए 'जिम्मेदारी तय करने अथवा खामियां' उजागर करने के लिए कहा गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस घोटाले में सेना के अधिकारियों और सेना की जिम्मेदारी तय करने के अलावा जांच एजेंसी इस बात की भी जांच करेगी कि सोसायटी को किन परिस्थितियों में 31 मंजिली इमारत के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किया गया, क्योंकि इस जमीन पर 'वास्तविक' अधिकार सेना के पास था।
इस कथित घोटाले में सेना के कुछ अधिकारियों के भी नाम आए हैं। इस वजह से सेना प्रमुख जनरल वी. के. सिंह को यह कहना पड़ा कि इस मामले ने सेना को शर्मसार किया है।
आदर्श सोसायटी की 31 मंजिली इमारत कारिगल के शहीदों के परिजनों के लिए मुम्बई के कोलाबा इलाके में बनाई गई थी।
उल्लेखनीय है कि आदर्श सोसायटी की इमारत में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के रिश्तेदारों के फ्लैट्स होने की बात सामने आने के बाद सीबीआई जांच का आदेश दिया गया है। इस मामले में चव्हाण ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा सेना के करीब 40 अधिकारियों के लिए भी इस इमारत में फ्लैट्स आवंटित किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications