राष्ट्रमंडल खेलों से अनुमान के मुताबिक आय नहीं हुई : गिल
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। सरकार ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति इन खेलों से अनुमानित 1,708 करोड़ रुपये की आय अर्जित करने का लक्ष्य प्राप्त करने में असफल रही है।
लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में खेल एवं युवा मामलों के मंत्री एम. एस. गिल ने कहा, "आयोजन समिति ने खेलों से 1,708 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करने का लक्ष्य रखा था जो कि प्राप्त नहीं किया जा सका।"
गिल के मुताबिक आयोजन समिति ने खेल आयोजित करने के लिए मंजूर किए गए कुल 1,813.42 करोड़ रुपये में से 1,669.42 करोड़ रुपये केंद्र सरकार से ऋण के रूप में प्राप्त किए।
गिल ने कहा कि आयोजन समिति के लिए कर्ज के रूप में 687 करोड़ रुपये की अस्थायी अतिरिक्त राशि मंजूर की गई और 87 करोड़ रुपये खेलों के दौरान 'टाइमिंग स्कोरिंग एण्ड रिजल्ट सिस्टम' (टीएसआर) लगाने के लिए अनुदान के रूप में मंजूर किए गए।
गिल ने कहा कि हालांकि इसमें से 557 करोड़ रुपये की अस्थायी अतिरिक्त राशि और टीआरएस के लिए 81 करोड़ रुपये की राशि ही जारी की गई।
मंत्री ने कहा कि विज्ञापन जैसी गतिविधियों से कोई आय नहीं हुई।
टिकटों की बिक्री से 39.17 करोड़ रुपये की आय हुई। प्रायोजकों से 114.5 करोड़ रुपये प्राप्त हुए जबकि 375.05 करोड़ रुपये के करार किए गए थे।
गिल ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय टीवी प्रसारण अधिकारों से 173.71 करोड़ रुपये प्राप्त हुए जबकि इसके लिए 213.45 करोड़ रुपये के करार किए गए थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications