संसद का शीतकालीन सत्र शुरू
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा में वाम दलों के अलावा समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव सहित कुछ क्षेत्रीय दलों ने प्रश्नकाल स्थगित कर भ्रष्टाचार के मामलों पर बहस की मांग की।
विरोध करने वाले सांसदों ने सेना प्रमुख वी. के. सिंह के उस बयान को भी उठाया जिसमें उन्होंने कहा था कि मुम्बई हाउसिंग घोटाले से सेनाओं को शर्मिदगी झेलनी पड़ी है। इस घोटाले में राजनेताओं और सेना के कुछ कार्यरत और सेवानिवृत्त अधिकारियों के नाम सामने आए हैं।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संकेत दिए हैं कि इस सत्र में भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा रहेगा लेकिन उसके सांसद इस मांग में हिस्सा लेते हुए नजर नहीं आए।
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सांसदों से कहा कि वह किसी भी मुद्दे को शून्य काल में उठाएं वहीं संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि बहस के लिए नोटिस दिया जाना चाहिए।
अध्यक्ष द्वारा शून्य काल में मुलायम सिंह यादव को इस मुद्दे पर बोलने का अवसर दिए जाने के आश्वासन के बाद विरोध कर रहे सांसद शांत हुए।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता बसुदेब आचार्य ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले का मुद्दा उठाया। आचार्य ने राष्ट्रमंडल खेलों में हुए भ्रष्टाचार की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराए जाने की मांग की। संसद का शीतकालीन सत्र 13 दिसम्बर तक चलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications