एयर इंडिया की टोरंटो की उड़ान रद्द
एयर इंडिया की उड़ान संख्या 187 इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से सोमवार देर रात 1.45 बजे उड़ान भरने वाली थी। लेकिन यात्री, विमान में दो घंटे बाद सवार हुए, क्योंकि उन्हें बताया गया कि विमान तड़के चार बजे उड़ान भरेगी।
विमान में सवार बेंगलुरू की मीरा रामचंद ने कहा कि यात्रियों के विमान में सवार हो जाने के बाद उनकी व्यथा शुरू हो गई।
रामचंद ने आईएएनएस को बताया, "लगभग आधे घंटे बाद चालक दल के सदस्य यह कहते हुए विमान से चले गए कि उनकी ड्यूटी का समय समाप्त होने को है।"
रामचंद ने कहा, "उसके बाद पायलट ने कहा कि वे अमृतसर से 30 यात्रियों का इंतजार कर रहे हैं.. यद्यपि आया कोई नहीं। लगभग सुबह छह बजे उन्होंने हमें भोजन दिया और कहा कि विमान उड़ान भरेगी।"
रामचंद ने कहा, "स्वाभाविक रूप से सभी गुस्से में थे। यात्रियों ने आपत्ति की.. किसी को नहीं पता था कि क्या कुछ हो रहा था। बुजुर्ग यात्री ज्यादा परेशान थे और साथ ही वे यात्री, जिनके साथ बच्चे थे। हमारी मदद करने के बदले बाकी बचे चालक दल के अन्य सदस्यों ने भी विमान से बाहर जाने की धमकी दी। यह चकित करने वाला था।"
रामचंद ने कहा, "सुबह आठ बजने से पहले ही उन्होंने घोषणा की कि कामर्शियल और आपरेशनल कारणों से उड़ान रद्द कर दी गई है। हमें यह बताने वाला कोई नहीं है कि हमें क्या करना है या हम कैसे और कब कनाडा के लिए प्रस्थान करेंगे।"
एयर इंडिया के अधिकारी प्रतिक्रिया के लिए उपलब्ध नहीं हो पाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications