घोटालों पर तीखे विरोध के साथ शुरू हुआ शीतकालीन सत्र
लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सुबह 11 बजे विपक्षी दलों ने प्रश्नकाल स्थगित कर राष्ट्रमंडल खेल, आदर्श हाउसिंग सोसाइटी और 2जी स्पैक्ट्रम आवंटन में भ्रष्टाचार के मामलों पर बहस की मांग की।
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सांसदों से कहा कि वह इस मुद्दे को शून्य काल में उठाएं वहीं संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल इस मामले को आवश्यक लोक महत्व के अंतर्गत उठाए जाने पर राजी हो गए।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बसुदेब आचार्य ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के सत्ता में आने के बाद एक के बाद एक लगातार घोटाले हो रहे हैं।"
आचार्य ने कहा, "2जी स्पैक्ट्रम आवंटन में घोटाला हुआ इसके बाद राष्ट्रमंडल खेलों में घोटाला हुआ और अब आदर्श कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी घोटाला सामने आया है। इस घोटाले से पूरे देश का सिर शर्म से झुक गया है। यह घोटाला ऐसी सम्पत्तियों में हुआ है जो कि कारगिल युद्ध में जान गवाने वाले शहीदों के परिजनों को दी जानी थीं।"
उन्होंने कहा, "आदर्श सोसाइटी के फ्लैट कुछ रक्षा अधिकारियों के रिश्तेदारों और भाई-भतीजों को दिए गए जिनमें सेना के पूर्व प्रमुख भी शामिल हैं। यह कैसे हुआ? सभी नियमों का उल्लंघन किया गया।"
आचार्य ने कहा कि इस मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चाव्हाण का इस्तीफा पर्याप्त कार्रवाई नहीं है।
मंगलवार को कांग्रेस नेतृत्व में आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले के मामले में आरोप झेल रहे अशोक चाव्हाण का इस्तीफा स्वीकार ले लिया।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने भी भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरा और इस मुद्दे पर बहस की मांग की। उन्होंने कहा कि हम सरकार और घोटालों का पूरा सच सामने लाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, "एक के बाद एक लगातार घोटाले हुए हैं। जब से यूपीए 2 सरकार सत्ता में आई है हमने कई घोटाले देखे हैं। मैं 2जी स्पैक्ट्रम, राष्ट्रमंडल खेल और आदर्श सोसायटी घोटाले का मुद्दा उठाना चाहती हूं लेकिन विश्वास कीजिए सरकार की सड़क विकास परियोजनाएं भी घोटालों से भरी हुई हैं। यह 2जी स्पैक्ट्रम, आदर्श सोसायटी और सीडब्ल्यूजी से बड़ा घोटाला है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications