अब उड़ीसा नहीं ओडिशा और उड़िया नहीं ओडिया
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में मंगलवार को उड़ीसा का नाम बदलकर ओडिशा व वहां बोली जाने वाली भाषा को उड़िया की जगह ओडिया कहने को स्वीकृति देने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी गई।
इस साल बजट सत्र के दौरान यह विधेयक पेश किया गया था और संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही इलेक्ट्रोनिक वोटिंग के जरिए इसे मंजूरी मिल गई।
सांसदों ने उड़ीसा को नया नाम देने वाले संवैधानिक संशोधन विधेयक को अपना पूरा समर्थन दिया। ब्रिटिश काल में राज्य का नाम उड़ीसा रखा गया था।
राज्य की विधानसभा में दोनों नामों को बदलकर स्थानीय भाषा में नाम पुकारे जाने संबंधी विधेयक आने के बाद केंद्र सरकार को 2008 में उड़ीसा सरकार ने एक प्रस्ताव भेजा था।
संविधान के मुताबिक राज्य का नाम उड़ीसा है और वहां की भाषा को उड़िया कहा जाता है। इसे बदलने के लिए लोकसभा में दो तिहाई सदस्यों के बहुमत से संविधान में संशोधन आवश्यक था।
गृह मंत्री पी. चिंदम्बरम ने विधेयक को स्वीकृति मिलने के बाद कहा कि सदन में इस विधेयक को मंजूरी मिलना राज्य के लोगों की इच्छाओं का सम्मान करना है।
स्वतंत्रता के बाद कई भारतीय शहरों और राज्यों के नाम बदले गए हैं। इनमें कानपुर (पुराना नाम कॉनपोर), तिरूवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम), मुम्बई (बॉम्बे), चेन्नई (मद्रास), कोलकाता (कलकत्ता), पुणे (पूना), कोच्चि (कोचीन) और अरुणाचल प्रदेश (नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटीयर एजेंसी) शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications