बिहार चुनाव : उत्साह के साथ मतदान जारी (लीड-2)
पाचवें चरण में जिन 35 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें पटना जिले की चार, भोजपुर जिले की सात, जहानाबाद जिले की तीन, अरवल और शेखपुरा की दो-दो, गया और नवादा की पांच-पांच तथा नालंदा की सात सीटें शामिल हैं।
सर्वाधिक 21 प्रत्याशी अरवल और गया (शहरी) सीट पर, तो सबसे कम आठ प्रत्याशी शाहपुर विधानसभा सीट पर अपने भाग्य आजमा रहे हैं। पांचवें चरण की 12 विधानसभा सीटें नक्सल प्रभावित मानी जाती हैं।
राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक दिन के 11 बजे तक लगभग 21 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। इसमें पटना में 22 प्रतिशत, गया और नवादा में 25-25 प्रतिशत, जहानाबाद में 24 प्रतिशत, नालंदा में 21 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। शेखपुरा में लगभग 15 प्रतिशत मतदाता ही मताधिकार का प्रयोग कर सके थे।
इस दौरान मतदान में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में 23 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पांच वाहन जब्त कर लिए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 10 लोगों को पटना में गिरफ्तार किया गया है।
सुरक्षा की दृष्टि से 35 में से 14 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से तीन बजे तक, जबकि तीन विधानसभा क्षेत्रों हिलसा, बेलागंज और वजीरगंज में चार बजे तक मतदान होगा। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से पांच बजे तक मतदाता मत डाल सकेंगे।
पांचवें चरण के चुनाव में जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला होने वाला है, उनमें राज्य के मंत्री हरिनारायण सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, जीतन राम मांझी, प्रेम कुमार, जद (यु) के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार, श्याम रजक, प्रदेश महिला कांग्रेस प्रकोष्ठ की पूर्व अध्यक्ष सुनीला देवी प्रमुख हैं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने मंगलवार को बताया कि मतदान के दौरान जमीन पर ही नहीं, आसमान में भी सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमाओं को सील कर दिया गया है।
नीलमणि ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अद्र्घसैनिक बलों की तैनाती की गई है। शेष मतदान केन्द्रों पर भी सशस्त्र बल के जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के विशेष कमांडो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ आसमान से मतदान पर निगरानी कर रहे हैं।
इस चरण में कुल 81,26,072 मतदाता प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 9,143 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि चार चरणों में अब तक विधानसभा की 182 सीटों के लिए मतदान सम्पन्न हो चुका है। राज्य की 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21, 24 और 28 अक्टूबर तथा 1, 9 और 20 नवम्बर को मतदान की तिथि घोषित है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications