ए. राजा पर कार्रवाई प्रधानमंत्री का अधिकार क्षेत्र: कांग्रेस
संसद भवन के बाहर कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने पत्रकारों से कहा कि कथित 2जी स्पैक्ट्रम आवंटन घोटाले के मामले की जांच चल रही है इसलिए पार्टी इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती।
नटराजन ने कहा, "यह मामला लंबे समय से केंद्र में रहा है लेकिन इस पर जांच चल रही है इसलिए इस मामले में कोई निष्कर्ष निकलने तक पार्टी के लिए इस पर टिप्पणी करना कठिन होगा।"
ए. राजा के कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में शामिल डीएमके कोटे से मंत्री होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, "अंतिम फैसले का अधिकार प्रधानमंत्री का है, वह गठबंधन साझेदार हैं।"
इससे पहले मंगलवार को राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष के तौर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप झेल रहे सुरेश कलमाडी ने कांग्रेस संसदीय पार्टी के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया।
मुम्बई हाउसिंग घोटाले मामले में आरोपों से घिरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चाव्हाण ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चाव्हाण के इस्तीफे में इतना समय लगने पर सवाल खड़े किए और कांग्रेस से पूछा कि राजा के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "2जी स्पैक्ट्रम घोटाला अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है और इस मसले को संसद में किसी भी कीमत पर उठाया जाएगा।"
नटराजन ने कहा कि चाव्हाण और कलमाडी पर कार्रवाई कांग्रेस की नैतिकता का परिचायक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications