पाक विस्थापितों को मिलेगी भारतीय नागरिकता

अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता दिलाने के लिए संघर्षरत एक संस्था ने यह दावा किया है। वर्ष 1992 में पाकिस्तान से जान बचाकर भागकर सिरसा तथा आसपास के इलाके में शरण लेने वाले सैकड़ों पाक हिंदुओं द्वारा भारतीय नागरिकता के लिए लंबे समय से जद्दोजहद की जा रही थी।
पाक हिंदू परिवारों को मानवता के आधार पर नागरिकता प्रदान किए जाने के सिलसिले में हरियाणा सरकार के गृह मंत्रालय के वित्तायुक्त द्वारा भारत सरकार के गृह मंत्रालय को भेजे गए पत्र पर गृह मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। इसके जवाब में एक पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि उक्त सभी पाक हिंदुओं का भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन उस निर्धारित प्रपत्र में भेजा जाए जो भारतीय नागरिकता नियम 2009 में निर्धारित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वर्षो से यहां रह रहे पाक हिंदुओं द्वारा पाकिस्तान लौटने की बजाय भारत में रहने की बात कहने व सामाजिक संस्थाओं द्वारा उनके पक्ष में आवाज बुलंद करने के बाद उपमंडल व जिला प्रशासन ने हरियाणा सरकार से मांग की थी कि उक्त पाक हिंदुओं को मानवता के आधार पर भारतीय नागरिकता प्रदान की जाए।
इसके बाद हरियाणा सरकार की ओर से एक पत्र भेजकर केंद्र सरकार से संबंधित मांग की गई थी। केंद्र सरकार ने इस पर संज्ञान लिया और हरियाणा सरकार के गृह विभाग के सचिव व वित्तायुक्त को पत्र भेजकर निर्देश दिए कि उक्त सभी पाकिस्तान नागरिकों को भारतीय नागरिकता देने के संबंध में तभी विचार किया जाना संभव है जब उनके नागरिकता हेतु आवेदन भारतीय नागरिकता अधिनियम 2009 के तहत निर्धारित प्रपत्र में भरकर भेजे जाएं।












Click it and Unblock the Notifications