ओबामा यात्रा : गर्मजोशी से मिले मनमोहन-ओबामा (राउंडअप)
ओबामा और मिशेल आज दिन में 3.30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, विदेश सचिव निरुपमा राव, अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे. रोमर और दूसरे गणमान्य लोग मौजूद थे।
अपने विशेष विमान एयरफोर्स वन से उतरते ही ओबामा प्रधानमंत्री से गले मिले। फिर दोनों नेता ने बड़ी गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाया। इसके बाद ओबामा अमेरिकी राजदूत के साथ अमेरिकी राजदूत के निवास रूजवेल्ट हाउस गए।
ऐसा अक्सर नहीं होता कि प्रधानमंत्री हर किसी विदेशी नेता की अगवानी करने के लिए प्रोटोकाल तोड़ कर हवाईअड्डे पर जाएं। लेकिन मनमोहन सिंह ओबामा के लिए स्वयं हवाईअड्डे पर गए और व्यक्तिगत रूप से उनका स्वागत किया। पिछले छह सालों के दौरान मनमोहन सिंह ने वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति जार्ज बुश और सऊदी के शाह किंग अब्दुल्ला के लिए भी हवाई अड्डे पर गए थे।
ओबामा और सिंह के बीच मधुर संबंध की स्पष्ट झलक दिल्ली हवाई अड्डे पर दिखी। विमान से उतरते ही ओबामा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ऐसे गले मिले मानो वे दोनों लम्बे समय बाद मिले हों।
अमेरिकी राष्ट्रपति का दिल्ली में बहुत व्यस्त कार्यक्रम है। दिल्ली पहुंचने के बाद वह अमेरिकी राजदूत के आवास रूजवेल्ट हाउस गए। वहां उन्होंने दूतावास के कर्मचारियों से मुलाकात की। वहां से वह सीधे ऐतिहासिक हुमायूं का मकबरा देखने गए। 16वीं सदी में निर्मित इस वैश्विक धरोहर को आगरा स्थित ताज महल का प्रतिरूप बताया जाता है। इसके बाद वह होटल मौर्या शेरेटन पहुंचे।
रात्रिभोज के लिए राजधानी के 7 रेसकोर्स रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास को रंग बिरंगे प्रकाश से सजाया गया था। माहौल को खुशनुमा बनाए रखने के लिए सीमा सुरक्षा बल और नौसेना के बैंडों की सेवाएं भी ली गई थीं।
रात्रिभोज में शिरकत करने वालों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके पुत्र राहुल गांधी, जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, वरिष्ठ नेता एल.के. अडवाणी, अरूण जेटली, बॉलीवुड कलाकार शबाना आजमी और उनके पति जावेद अख्तर तथा आमिर खान शामिल हुए। इनके अलावा रात्रिभोज में सांसद प्रिया दत्त और मीनाक्षी नटराजन भी मौजूद थीं।
रात्रिभोज में शामिल होने वाले अन्य अतिथियों में कैबिनेट मंत्री प्रणब मुखर्जी, पी. चिदम्बरम, ए.के. एंटनी, आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल और एस.एम. कृष्णा सहित योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया थे।
नौकरशाहों में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन, प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव टी.के.ए. नायर, विदेश सचिव निरूपमा राव और अमेरिका में भारतीय राजदूत मीरा शंकर रात्रिभोज में शामिल थीं।
रात्रिभोज में उद्योग जगत से अजीम प्रेमजी, रतन टाटा, स्वाति पीरामल, एन.आर. नारायणमूर्ति, पर्यावरण वैज्ञानिक सुनीता नारायण और जामिया मिलिया इस्लामिया के कुलपति नजीब जंग शामिल हुए।
अमेरिका की तरफ से रात्रिभोज में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टॉम डॉनीलोन, वित्त सचिव टिमोथी गीथनेर, वाणिज्य सचिव गैरी लॉक, भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे. रोमर और यूएसएआईडी के प्रशासक राजीव शाह ने शिरकत की।
अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा और उनकी पत्नी से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के परिवार ने अलग से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री के प्रौद्योगिकी सलाहकार सैम पित्रोदा ने आईएएनएस को बताया कि रात्रिभोज 'शानदार' था। उनके अनुसार ओबामा और उनकी पत्नी ने यहां प्रत्येक क्षण का आनंद उठाया।
रात्रिभोज में प्रत्येक टेबल का नामकरण भारतीय मूल के अमेरिकी अथवा अमेरिकी नागरिक के नाम से किया गया था जिनका कि भारत से लगाव रहा।
इस दौरान मिशेल ने काले रंग की पतलून और उससे मिलते रंग का कोट पहना था। इस मौके पर मिशेल की गर्दन की शोभा हार ने भी बढ़ाई। जबकि, राष्ट्रपति ओबामा सफेद कमीज पर काली टाई और काला सूट पहने नजर आए।
उधर, प्रधानमंत्री की पत्नी गुरशरण कौर ने लाल किनारो वाली हरे रंग की साड़ी पहनी थीं और मनमोहन सिंह सफेद कुर्ते पर काला जैकेट और हल्के नीले रंग की पगड़ी पहने नजर आए। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जड़ी किए हुए नीले रंग की साड़ी और कानों में बालियां पहनी थीं।
रात्रि भोज के बाद मेजबानों ने अतिथियों को 'नमस्ते' से अभिवादन कर विदा किया।
मनमोहन और ओबामा के बीच सोमवार की बातचीत के लिए मंच तैयार हो चुका है। इस बातचीत में दुनिया की दो बड़े लोकतंत्रों के बीच 21वीं सदी की साझेदारी के लिए एक नमूना तैयार होने की उम्मीद है।
ओबामा के राष्ट्रपति बनने के बाद से दोनों नेताओं के बीच यह छठीं मुलाकात है।
सोमवार को ओबामा सबसे पहले राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications