इल्ली की हरकत ने पौधे को बना दिया चमत्कारी!
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी ऐसा ही कुछ हुआ, जब एक इल्ली की हरकत के कारण नीम का पौधा घूमने लगा जिसे लोगों ने ईश्वरीय चमत्कार मान लिया, यह हकीकत तो तब सामने आई जब कृषि विशेषज्ञों के दल ने मौके पर जाकर पौधे के नीचे से इल्ली निकाली।
मामला हेमसिंह की परेड इलाके का है, जहां महावीर प्रसाद का बगीचा है। इस बगीचे में एक नीम के पौधे को घूमते देखा गया, वह घड़ी की दिशा और विपरीत दिशा में घूम रहा था। रविवार को पौधे के घूमने की बात पूरे इलाके में जंगल में आग की तरह फैल गई। इस पौधे को देखने के लिए लोगों को हुजूम लगने लगा। यह सिलसिला यहीं नहीं थमा बल्कि कई लोगों ने तो ईश्वरीय चमत्कार मानकर चढावा भी शुरू कर दिया।
बगीचा के मालिक महावीर प्रसाद कहते है कि जब उन्होंने लगभग छह इंच की उंचाई के पौधे को घूमता देखा तो वे भी अचरज में पड़ गए। यह पौधा कुछ-कुछ देरी के अंतर से घूमता था। ऐसा होते उन्होंने देखा तो रहा न गया और कई लोगों को बताया।
पौधे के घूमने की खबर कृषि विभाग तक पहुंची तो सहायक संचालक एस. एस. तोमर के अलावा कई और लोग भी सोमवार को मौके पर पहुंचे। तोमर ने पौधे को घूमता देखा तो पौधे के चारों तरफ की मिट्टी हटाई। मिटटी के हटते ही बगैर जड़ का पौधा उनके हाथ में आ गया। इतना ही नहीं एक इल्ली भी तने के नीचे मिली।
तोमर बताते हैं कि कच्ची खाद में कटुआ इल्ली पनपती हैं। यह इल्ली आलू व गोभी जैसी सब्जियों को नुकसान पहुंचाती है। इस मामले में इल्ली ने जड़ से तला को अलग कर दिया था और इल्ली के हरकत करने से पौधा घूमता था, इसी के चलते लोगों ने पौधे के घूमने को चमत्कार मान लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications