नक्सली बंद के मद्देनजर छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बढ़ी
रायपुर, 8 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे के विरोध में नक्सलियों द्वारा आहूत बंद के मद्देनजर छत्तीसगढ़ में राजमार्गो, प्रमुख सड़कों और रेल पटरियों के आसपास सोमवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है।
यहां पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "नक्सली हमलों की आशंका वाले इलाकों में सुरक्षा बलों की उपस्थिति बढ़ा दी गई है। राज्य के बस्तर क्षेत्र में प्रमुख सड़कों के अलावा पूर्वोत्तर रेलवे के तहत आने वाली रेल पटरियों पर गश्त बढ़ा दी गई है।"
प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने ओबामा के चार दिवसीय भारत दौरे के विरोध में रविवार की मध्यरात्रि से सोमवार मध्यरात्रि तक 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है।
छत्तीसगढ़ के दूरवर्ती इलाकों से प्राप्त खबरों के अनुसार जंगली इलाकों में बंद अभी तक शांतिपूर्ण बना हुआ है। राज्य के 18 जिलों में से नौ में नक्सलियों का प्रभाव है। हालांकि बीजापुर, दंतेवाड़ा, राजनंदगांव और रायपुर जिलों में कुछ स्थानों पर नक्सलियों ने यातायात जाम करने के लिए लकड़ियों के बाड़ लगा रखे हैं।
देश में छत्तीसगढ़ नक्सली हिंसा का मुख्य केंद्र माना जाता है, जहां पिछले एक दशक में 2,100 लोग नक्सली हिंसा में मारे जा चुके हैं। इस वर्ष अप्रैल महीने में नक्सलियों ने यहां अब तक का सबसे बड़ा हमला किया था, जिसमें 76 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications