ओबामा यात्रा : अमेरिकी राष्ट्रपति ने बापू को श्रद्धांजलि दी
नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के आधिकारिक दौरे पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सोमवार को अपनी पत्नी मिशेल ओबामा के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
गांधी के बड़े प्रशंसक माने जाने वाले ओबामा ने मुम्बई में मणि भवन जाकर बापू से जुड़े इतिहास को जानने की कोशिश की थी। उस दौरान उन्होंने अतिथि पुस्तिका में लिखा, "महात्मा गांधी सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के नायक हैं।"
राजघाट से जाने से पहले ओबामा और मिशेल राष्ट्रपति भवन पहुंचे जहां उनका रस्मी स्वागत किया गया। ओबामा को 21 तोपों की सलामी दी गई। राष्ट्रपति भवन में सम्मान के बाद ओबामा ने वहां केंद्र सरकार के कई मंत्रियों व वरिष्ठ लोगों से मुलाकात की।
इस स्वागत के बाद ओबामा ने कहा, "मैं और मिशेल भारत में हुए स्वागत से अभिभूत हैं। हम इसके लिए भारत की जनता का आभार प्रकट करना चाहते हैं। मैं प्रधानमंत्री सिंह से बातचीत को लेकर उत्साहित हूं। हम व्यापार, निवेश और आतंकवाद के खिलाड़ लड़ाई सहित कई मसलों पर बातचीत करेंगे।"
ओबामा और मिशेल शनिवार को मुम्बई पहुंचे थे। मुम्बई में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद वे रविवार दोपहर बाद दिल्ली पहुंचे। उनके सम्मान में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार रात भोज का आयोजन किया था। ओबामा दंपति रविवार शाम को हुमायूं का मकबरा भी गए थे।
राजघाट के बाद ओबामा हैदराबाद हाउस चले गए जहां वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications