पाकिस्तानी मीडिया में छाया ओबामा का भारत दौरा
इस्लामाबाद, 8 नवंबर (आईएएनएस)। ओबामा के भारत दौरे को पाकिस्तानी मीडिया में भरपूर स्थान हासिल हुआ है। पाकिस्तानी मीडिया में खासतौर से इस बात को रेखांकित किया गया है कि ओबामा ने पाकिस्तान के साथ शांति प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए भारत से आग्रह किया है।
'डेली जंग' ने लिखा है, "ओबामा ने भारत से पाकिस्तान के साथ शांति के लिए काम करने का आग्रह किया, साथ ही पाकिस्तान को चेताया कि आतंकवाद पर लगाम कसने के लिए उठाए गए कदमों को गति प्रदान की जाए।"
समाचार पत्र 'डान' ने अपनी खबर की हेडलाइन कुछ इस तरह दी है, : "बी अ गुड नेबर, ओबामा टेल्स इंडिया" यानी ओबामा ने भारत से कहा, अच्छा पड़ोसी बनें।
'डान' ने मुम्बई के सेंट जेवियर कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ ओबामा की बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा है, "राष्ट्रपति ओबामा ने मुम्बई में रविवार को विद्यार्थियों के साथ बातचीत में उन्हें एक अच्छा पड़ोसी बनने की सीख दी।"
'द नेशन' की हेडलाइन कुछ इस तरह थी, "कैरट्स फॉर इंडिया, स्टिक्स फॉर पाकिस्तान।"
'द न्यूज' ने लिखा है, "ओबामा ने पाकिस्तान के साथ शांति प्रयासों को तेज करने के लिए भारत से आग्रह किया। मुम्बई हमले के बाद 2008 में यह शांति प्रक्रिया अवरुद्ध होनी शुरू हो गई थी।"
दैनिक 'खबरियां' ने लिखा है, "यह स्पष्ट है कि ओबामा दम्पति कुछ अतिरिक्त पहल करना चाहते हैं और आधिकारिक आदान-प्रदान को एक अनौपचारिक रूप देना चाहते हैं।"
'नवा-ए-वक्त' ने कहा है, "इस्लामाबाद और नई दिल्ली को अधिक विवादास्पद मुद्दों की ओर बढ़ने से पहले अपेक्षाकृत छोटे मुद्दों को सुलझाने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।" अखबार ने लिखा है कि मुम्बई हमले का पाकिस्तान पर भी घातक असर हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications