म्यांमार में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं हुए : यूरोपीय संघ
सैन्य शासित म्यांमार में 20 वर्षो में पहली बार रविवार को चुनाव सम्पन्न हुआ है।
ईयू में विदेशी मामलों की प्रमुख कैथरीन एस्टन ने कहा, "सिर्फ चुनाव कराने से कोई देश लोकतांत्रिक नहीं हो जाता। वहां एक नई शुरुआत और अधिक से अधिक बहुलतावाद का अवसर भी प्रदान किया जाना चाहिए।"
'ईयू एशिया न्यूज' ने एस्टन द्वारा जारी एक बयान के हवाले से कहा है, "ईयू इस बात पर खेद प्रकट करता है कि म्यांमार प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और समग्र चुनावी प्रक्रिया को सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाया।"
बयान में कहा गया है, "चुनाव के कई सारे पहलू अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्य मानकों के साथ मेल नहीं खाते। एनएलडी जैसी अधिकांश विपक्षी पार्टियों और उनके उम्मीदवारों के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया गया। उन्हें प्रचार के अवसर नहीं दिए गए।"
ईयू ने म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची और अन्य राजनीतिक नेताओं की बिना शर्त रिहाई की भी मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications