ओबामा के भारत दौरे से खुश है पाकिस्तान : कुरैशी (लीड-1)
नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने सोमवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे को लेकर पाकिस्तान बिल्कुल उपेक्षित नहीं महसूस कर रहा है। कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकी नेटवर्क को नष्ट करने को प्रतिबद्ध है।
कुरैशी ने जोर देकर कहा कि भारत के साथ संवाद समय की मांग है। ओबामा-मनमोहन सिंह के संवाददाता सम्मेलन के थोड़ी ही देर बाद कुरैशी ने एक टीवी चैनल से कहा, "हम इस बात से खुश है कि भारत अंतत: पाकिस्तान को उत्साहित कर रहा है। हम बिल्कुल उपेक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। हमें इसे लेकर खुशी हो रही है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान खुद को तनहा महसूस कर रहा है, कुरैशी ने कहा कि अमेरिका के साथ सम्बंधों का इस्लामाबाद का एक लम्बा इतिहास है और ओबामा ने अपने भारत दौरे के पूर्व घोषणा भी की थी कि वह अगले वर्ष पाकिस्तान का दौरा करेंगे।
ओबामा के बयान को परिपक्व व संतुलित बताते हुए कुरैशी ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए हर किसी को एकजुट होने की जरूरत है। कुरैशी ने कहा, "क्षेत्र के कई सारे देश आतंकवाद से पीड़ित हैं.. हम भी इससे पीड़ित हैं।"
कुरैशी ने सीएनएन-आईबीएन से कहा कि आतंकी मशीनरी और आतंकी नेटवर्क पूरी दुनिया में हैं। उन्होंने कहा, "तमाम आतंकी संगठन कई सारे समाजों को खोखला करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में हम किसी एक देश के प्रति चयनात्मक दृष्टिकोण नहीं अपना सकते। कोई भी देश इस समस्या से अकेले नहीं निपट सकता।"
कुरैशी ने कहा कि भारत में भी आतंकी समूह हैं और वे वहां से अपनी गतिविधियां चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री का वह बहुत सम्मान करते हैं। कुरैशी ने कहा, "मैं समझता हूं कि उनका कहना सही है। लेकिन आपको एक व्यापक दृष्टिकोण अपनाना है.. बगैर इसके हम प्रगति नहीं कर पाएंगे।"
कुरैशी ने जोर देकर कहा, "पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत का इच्छु़क है.. हम एक साथ मिल कर आतंक की मशीन को नष्ट कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications