सू की के बेटे ने मां से मिलने के लिए वीजा मांगा
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार म्यांमार की मुख्य विपक्षी हस्ती, सू की 18 महीने की सजा काट रही हैं, जिसकी मियाद 13 नवम्बर को पूरी हो जाएगी।
बैंकाक स्थित म्यांमार दूतावास में प्रवेश वीजा के लिए आवेदन करने के बाद किम एरिस (33) ने कहा, "इन लोगों के बारे में अनुमान नहीं लगाया जा सकता, इसलिए यह कोई नहीं जानता कि वे क्या करेंगे।"
ब्रिटिश नागरिकता रखने वाले एरिस ने 10 वर्ष पहले अपनी मां से उस समय अंतिम मुलाकात की थी, जब उन्हें म्यांमार में तीन सप्ताह तक रुकने की अनुमति मिली थी।
म्यांमार की आजादी के नायक आंग सान की बेटी सू की का विवाह एक ब्रिटिश प्रोफेसर, दिवंगत माइकल एरिस के साथ उस समय हुआ था, जब वह आक्सफोर्ड में पढ़ाई कर रही थीं।
उनके दो बेटे हुए। चूंकि सू की 1987 में म्यांमार लौट आईं और लोकतंत्र के लिए लड़ाई में व्यस्त हो गईं, लिहाजा दोनों बेटों से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई।
ज्ञात हो कि सू की ने नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) की स्थापना की, जिसने 1990 में आम चुनाव में जीत दर्ज कराई थी। लेकिन सेना ने इस पार्टी को सरकार बनाने से रोक दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications