नेपाल में हेलीकॉप्टर हादसा, 2 की मौत
काठमांडू, 7 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल के पूर्वोत्तर हिमालय की चोटियों पर फंसे जापान के दो पर्वतारोहियों की तलाश में निकला हेलीकॉप्टर रविवार को 16,000 फिट की ऊंचाई पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट और चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई।
तलाशी अभियान को चलाने वाली निजी हवाई कंपनी 'फिशटेल एयर' ने आईएएनएस को बताया, "दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर और चालक दल के सदस्यों के शवों को करीब 6,000 मीटर की ऊंचाई पर देखा गया है। हम शवों को नीचे लाने की कोशिशों में लगे हैं।"
पुलिस ने बताया कि दो जापानी पर्वतारोहियों को बचाने के लिए हेलीकॉप्टर उत्तरी सोलूखूम्बू जिले के अमा दबलाम क्षेत्र से उड़ान भरा था।
नेपाली पायलट सबिन बासनेत हेलीकॉप्टर को उड़ा रहा था। उसके साथ चालक दल का एक सदस्य पूर्णा अवाले भी मौजूद था। इस अभियान में एक पर्वतारोही को बचा लिया गया था। हेलीकॉप्टर दूसरे पर्वतारोही को बचाने के लिए उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट जाने के बाद उसकी तलाश में दो और हेलीकॉप्टर को लगाया गया। दूसरे जापानी पर्वतारोही के बारे में अभी भी पता नहीं चल सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications