देशभर में होगा अमेरिका विरोधी प्रदर्शन : वाम दल
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के इन दिनों नई दिल्ली में होने के बावजूद वाम दलों के नेताओं ने रविवार को कहा कि हमारी योजना सोमवार को देशभर में प्रदर्शन करने की है लेकिन उन्होंने ब्योरा देने से इंकार किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) संसदीय दल के नेता बासुदेब आचार्य ने आईएएनएस से कहा कि वाम दलों ने वारेन एंडरसन (यूनियन कार्बाइड के पूर्व प्रमुख) के प्रत्यर्पण की मांग को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का एलान किया है।
उन्होंने ने कहा, "भारत की कृषि एवं खुदरा बजार में अमेरिका के प्रवेश करने की कोशिश का भी विरोध किया जाएगा।"
कोई ब्योरा दिए बगैर आचार्य ने कहा, "प्रदर्शन नई दिल्ली सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर होगा।"
माकपा सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली के कुछ स्थलों पर छोटे पैमाने पर प्रदर्शन होगा, जैसा कि शनिवार को मुम्बई में हुआ था।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के उप महासचिव एस. सुधाकर रेड्डी ने आईएएनएस को बताया, "वाम दल- माकपा, भाकपा, रिवोल्यूशनरी सोसलिस्ट पार्टी एवं फॉरवार्ड ब्लॉक ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन का निर्णय लिया है।"
उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने संसद भवन के निकट आम प्रदर्शन पर रोक लगा दी है, क्योंकि वहां सोमवार को ओबामा सांसदों को संबोधित करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications