गोवा के एनसीपी अध्यक्ष डिसूजा का इस्तीफा
पणजी, 7 नवंबर (आईएएनएस)। आम लोगों के साथ झगड़े के दौरान एक पार्टी विधायक की पिटाई करने पर खुद के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज होने के कुछ दिनों बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राज्य इकाई के अध्यक्ष जोस फिलिप डिसूजा ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
नई दिल्ली स्थित पार्टी आलाकमान को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद डिसूजा ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने पूर्व पर्यटन मंत्री एवं एनसीपी विधायक फ्रांसिसको उर्फ मिक्की पचेको से 26 अक्टूबर को हुए झगड़े के बाद ही अपने इस्तीफे की पेशकश की थी।
डिसूजा को इस वर्ष जून में पार्टी की राज्य इकाई का अध्यक्ष चुना गया था। वास्को स्थित एक रेस्तरां में मिक्की की पिटाई करने पर पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।
यहां से 35 किलोमीटर दूर वास्को में इसी माह हुए स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान दंगा जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में एनसीपी के तीन विधायक हैं। डिसूजा पार्टी विधायक दल के नेता भी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications