आरएसएस का बुधवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन
आरएसएस के प्रवक्ता किशोर कांत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "कांग्रेस की नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के वरिष्ठ नेता संघ व इसके कई कार्यकर्ताओं को गैर कानूनी तरीके से आतंकवादी गतिविधियों और बम हमले में फंसा रहे हैं।"
कांत ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार के इशारे पर पुलिस आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार को अजमेर विस्फोट मामले में फर्जी तरीके से फंसाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, "आतंकवाद निरोधी दस्ता इंद्रेश को अनावश्यक प्रताड़ित कर रहा है। उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है और कांग्रेस के इशारे पर उन्हें झूठमूठ फंसाने की कोशिश की जा रही है।"
प्रवक्ता ने कहा, "कांग्रेस आरएसएस के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। हम इसके खिलाफ 10 नवम्बर को देशभर में प्रदर्शन करेंगे। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हमारे सदस्य और समर्थक एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन करेंगे।"
गौरतलब है कि वर्ष 2007 में अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर हुए विस्फोट के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई थी और 30 जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications